क्रिस गेल को दुनियाभर में टी-20 का सबसे विध्वंसक बल्लेबाज माना जाता है। आईपीएल में भी उनका दबदबा रहा, लेकिन इस तूफानी बल्लेबाज को आईपीएल नीलामी के पहले दिन जरूर झटका लगा, जब छक्कों के महाराजा नहीं बिके, लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब ने गेल का आईपीएल कॅरियर खत्म होने से बचा लिया। दो मौकों पर आईपीएल में 700 से अधिक रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के इस धुरंधर बल्लेबाज को दूसरे दिन रविवार को आखिरकार विशेष अनुरोध के बाद लगी तीसरी बोली में उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपए में खरीद लिया गया।
भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनाद्कट को राजस्थान रायल्स ने दूसरे दिन 11.50 करोड़ रुपए की मोटी धनराशि में खरीदा, जबकि किंग्स इलेवन पंजाब ने आॅस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज एंड्रयू टाइ पर 7.2 करोड़ रुपए खर्च किए। उनाद्कट और टाइ को जहां मोटी रकम मिली, वहीं 17 वर्षीय संदीप लैमिचाने आईपीएल नीलामी में बिकने वाले पहले नेपाली क्रिकेटर बने। उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 20 लाख रुपए में खरीदा। अफगानिस्तान के लिए भी अच्छी खबर रही। पहले दिन उसके लेग स्पिनर राशिद खान को नौ करोड़ रुपए मिले थे, वहीं आज एक अन्य स्पिनर 16 वर्षीय मुजीब जादरान को किंग्स इलेवन ने चार करोड़ में अपनी टीम से जोड़ा।
वॉशिंगटन को आरसीबी ने 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा
टीमों ने अपनी रणनीति के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों चाहे वह तेज गेंदबाज हों या स्पिनरों का चयन किया। आॅलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को आरसीबी ने 3.2 करोड़ रुपए में खरीदा। पंजाब के तेज गेंदबाज संदीप शर्मा तीन करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े। किंग्स इलेवन पंजाब ने राइट टू मैच का उपयोग कर मोहित शर्मा को 2.4 करोड़ रुपए में लिया। झारखंड के स्पिनर शाहबाज नदीम को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 3.2 करोड़ रुपए में बनाए रखा, जबकि मोहम्मद सिराज को आरसीबी ने 2.6 करोड़ रुपए में खरीदा।
ऐसे लगी उनाद्कट की बोली
उनाद्कट को खरीदने के लिए सबसे पहले चेन्नई ने 1.5 करोड़ की बोली लगाई। नीलामी में पंजाब की टीम भी 4 करोड़ की बोली के साथ कूद पड़ी। पंजाब ने उनादकट के लिए 6 करोड़ की बोली लगा दी। पंजाब ने फिर उनादकट के लिए 8, 9 और 10 करोड़ रुपए तक की बोली लगा दी। अब लगने लगा था कि प्रीति जिंटा की पंजाब टीम उनाद्कट को खरीद लेगी, लेकिन चेन्नई की टीम ने फिर से उनादकट के लिए 11 करोड़ की बोली लगा दी। आखिरी में राजस्थान की टीम ने 11.50 करोड़ का दांव खेल दिया और उनकी इस बोली के सामने हर फ्रेंचाइजी ने सरेंडर कर दिया। इसके साथ ही उनाद्कट आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज बन गए।
गौतम को मिली 31 गुना अधिक कीमत
राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को भी सबसे अधिक कीमत देकर इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को खरीदा था। उसने स्टोक्स पर 12.50 करोड़ रुपए खर्च किए थे। रविवार को जो अन्य खिलाड़ी महंगे बिके उनमें गौतम भी शामिल हैं। उनका आधार मूल्य 20 लाख रुपए था, लेकिन उन्हें 31 गुना अधिक महंगा 6.7 करोड़ रुपए में खरीदा गया।
मावी को तीन करोड़ में केकेआर ने खरीदा
केकेआर ने शनिवार की तरह युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाया। उसने अंडर-19 टीम के एक अन्य खिलाड़ी शिवम मावी को तीन करोड़ रुपए में खरीदा। पहले दिन उसने कमलेश नागरकोटी और शुभमन गिल को अपनी टीम में लिया था। चेन्नई सुपरकिंग्स ने साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिदी को उनके आधार मूल्य 50 लाख में अपनी टीम से जोड़ा।
पहली बार खेलेगा नेपाल का जादुई गेंदबाज
आईपीएल नीलामी का दूसरा दिन नेपाल क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी लेकर आया। आईपीएल के इतिहास में पहली बार नेपाल का कोई क्रिकेटर शामिल किया गया है। दिल्ली डेयरडेविल्स ने नेपाल के संदीप लमीछाने को 20 लाख रुपए में खरीदा। संदीप उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब 2016 अंडर- 19 वर्ल्ड कप में आयलैंड के खिलाफ मैच में हैट-ट्रिक समेत 5 विकेट अपने नाम किए थे। इस टूर्नामेंट में यह फिरकी गेंदबाज टूर्नमेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर रहे थे।
ये बिके सस्ते में
लंबे समय तक मुंबई इंडियन्स के साथ रहने वाले आॅफ स्पिनर हरभजन सिंह को नीता अंबानी की टीम मुंबई इंडियन्स ने खरीदने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और उन्हें 2 साल बाद वापसी कर रही टीम राजस्थान रॉयल्स ने बेस प्राइज पर ही अपना बनाया।
टीम इंडिया से बाहर चल रहे तूफानी बैट्समैन युवराज सिंह को खरीदने में उनकी पिछली टीम सनराइजर्स हैदराबाद ने कोई रुचि नहीं दिखाई, जिसके बाद प्रीति जिंटा की टीम किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें 2 करोड़ की बेस प्राइस पर ही खरीदा। आईपीएल 10 में युवराज को हैदराबाद ने 7 करोड़ रुपए में खरीदा था।
दूसरे दिन बिके कुछ खिलाड़ियों की सूची
खिलाड़ी फ्रेंचाइची कीमत
मुजीब जादरान पंजाब 4 करोड़
एंड्रयू टाई पंजाब 7.20 करोड़
राहुल चाहर मुंबई 1.9 करोड़
शाहबाज नदीम दिल्ली 3.2 करोड़
गौतम कृष्णप्पा राजस्थान 6.2 करोड़
मुरुगन अश्विन बेंगलुरु 2.20 करोड़
एविन लुइस मुंबई इंडियंस 3.8 करोड़
सौरव तिवारी मुंबई इंडियंस 80 लाख
मनदीप सिंह बेंगलुरु 1.4 करोड़
मनोज तिवारी पंजाब 1 करोड़
वॉशिंगटन सुंदर बेंगलुरु 3.20 करोड़
पवन नेगी मुंबई 1 करोड़
डेनियल क्रिस्टियन दिल्ली 1.5 करोड़
जयंत यादव दिल्ली 50 लाख
गुरकीरत सिंह दिल्ली 75 लाख
ट्रेंट बोल्ट दिल्ली 2.2 करोड़
मनजोत कालरा दिल्ली 20 लाख
अभिषेक शर्मा दिल्ली 55 लाख
संदीप लमिचाने दिल्ली 20 लाख
बेन कटिंग मुंबई 2.20 करोड़
प्रदीप सांगवान मुंबई 1.5 करोड़
जेपी डुमिनी मुंबई 1 करोड़
जेसन बेहरनडॉर्फ मुंबई 1.5 करोड़
तजिंदर ढिल्लन मुंबई 55 लाख
शरद लूंबा मुंबई 20 लाख
मोहम्मद नबी हैदराबाद 1 करोड़
संदीप शर्मा हैदराबाद 3 करोड़
सचिन बेबी हैदराबाद 20 लाख
क्रिस जॉर्डन हैदराबाद 1 करोड़
बिली स्टानलेक हैदराबाद 50 लाख
श्रीवत्स गोस्वामी हैदराबाद 1 करोड़
इन्हें नहीं मिले खरीदार
केसी करियप्पा, इकबाल अब्दुल्ला, एस कौशिक, एलेक्स हेल्स, इयोन मॉर्गन, शॉन मार्श, लेंडल सिमंस, ऋषि धवन, डेल स्टेन, नाथन लॉयन, प्रज्ञान ओझा, नाथू सिंह, निरोशन डिकवेला, एडेन मरक्रम, वरुण आरोन, उन्मुक्त चंद, टायमल मिल्स, एडम मिल, जेसन होल्डर, थिसारा परेरा।