मुंबई। इटली में शादी करने के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का परिवार भारत वापिस आ गया है। यूं तो यह शादी इटली में हुई लेकिन इसका हर कार्यक्रम भारतीय रंग में रंगा हुआ था। हल्दी से लेकर मेहंदी तक हर रस्म पूरे रीति-रिवाज से हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विराट और अनुष्का की शादी में लगभग 100 करोड़ के आसपास खर्च हुए। यहां एक मेहमान के ऊपर करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए। इससे साफ पता चलता है कि अपनी शादी को रॉयल बनाने के लिए विराट-अनुष्का ने पानी की तरह पैसा बहाया। रिपोर्ट्स की मानें तो शादी के लिए 50 खास मेहमानों को ही न्योता दिया गया था। यहां एक व्यक्ति के एक हफ्ते रुकने का खर्च करीब एक करोड़ रुपए है। इस हिसाब से देखें तो विराट और अनुष्का की शादी के लिए मेहमानों को ठहराने में ही 45-50 करोड़ रुपए का खर्च आया।
अनुष्का-विराट की वेडिंग को इंडियन टच देने के लिए शहनाई, ढोल ताशे और भंगड़े का भी इंतजाम किया गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि अनुष्का और विराट की शादी में 75-100 करोड़ रुपये तक खर्च हुए होंगे। पूरी तरह पंजाबी रस्मों रिवाज से हुई यह शादी एक 46 साल के पुजारी ने कराई है जिनका इटली में अपना एक मंदिर है।
इन दोनों की शादी कराने वाले यह पुजारी पवन कुमार कौशल पंजाब के कपूरथला जिले के एक गांव के रहने वाले हैं। पवन कुमार कौशल ने कहा कि उन्हें लगा कि जैसे वह इस डेढ़ दिन की शादी के 'मैन आॅफ द मैच' हैं। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी इटली में काफी सीक्रेट तरीके से हुई और शादी के बाद इन दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से यह जानकारी फैन्स के साथ साझा की। इन दोनों की शादी कराने वाले पवन कुमार पिछले 25 सालों से इटली में रह रहे हैं। हालांकि उन्हें भी यह नहीं पता था कि जिसकी शादी के लिए उन्हें इतने समय पहले बुक किया गया है वह विराट और अनुष्का हैं। बल्कि उन्हें इसके बारे में तब पता चला जब वह शादी कराने के लिए इटली के इस प्रसिद्ध रिजॉर्ट की तरफ रवाना हो चुके थे।
पवन कुमार का कहना है कि उन्हें शादी कराने के लिए अपने घर से 400 किलोमीटर दूर जाना था, लेकिन उन्हें रास्ते में जाते समय इसके बारे में पता चला। उनका कहना है कि वह मानते हैं कि इस प्रसिद्ध जोड़े की शादी कराने से उन्हें बहुत पहचान मिली है और इसके लिए उन्हें तारीफों के साथ ही आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा है।