26 Apr 2024, 00:51:55 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

रोहित शर्मा का मोहाली वनडे में 'डबल धमाल', टीम इंडिया 141 रन से जीती

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Dec 14 2017 12:26AM | Updated Date: Dec 14 2017 11:20AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मोहाली। वनडे क्रिकेट में अपने तीसरे दोहरे शतक (208) रन के साथ रोहिट शर्मा ने कई रिकॉर्ड तोड़े और कई बराबर भी किए। उनका स्ट्राइक रेट 135.94 रहा। 153 गेंद खेलकर उन्होंने 13 चौके व 12 छक्के लगाए, यानी 52 रन चौके और 72 रन छक्कों के साथ बनाए। कुल 124 रन तो चौके और छक्के के साथ बनाए, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने बुधवार को यहां पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए दूसरे डे/नाइट वनडे क्रिकेट मुकाबले में निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट पर 392 रन बना दिए, जिसमें शिखर धवन (68) के साथ रोहित ने 115 और श्रेयस अय्यर (88) के साथ दूसरे विकेट के लिए 213 रन जोड़े। श्रीलंकाई टीम इस स्कोर के लिए संघर्ष भी नहीं कर सकी और 50 ओवर में 8 विकेट पर 251 रन बना सकी। रोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का निर्णायक मुकाबला 17 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। 

तीन दोहरे शतक का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिनके बल्ले से वनडे क्रिकेट में तीन बार दोहरे शतक निकले हैं। 

वनडे क्रिकेट के पहले कप्तान

रोहित शर्मा वनडे के दूसरे ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने वनडे में दोहरा शतक बनाया है। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग ने बतौर कप्तान इंदौर में साल 2011 में दोहरा शतक (219) जड़ा था।  

3 बार 180 से ज्यादा का स्कोर

रोहित शर्मा ने तीसरी बार वनडे क्रिकेट में 180 से ज्यादा का स्कोर बनाया है, जो कि सिर्फ न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल कर सके हैं। सर विवियन रिचडर््स और सचिन तेंदुलकर ने ये कारनामा दो बार किया है।

भारत के लिए सबसे ज्यादा 12 छक्के

रोहित शर्मा भारत की ओर से बतौर कप्तान एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने अपनी पारी में 12 छक्के लगाए। पहले नंबर पर साउथ अफ्रीका के एबी डीविलियर्स हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान साल 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 16 छक्के जड़े थे।

लिस्ट ए का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया

रोहित शर्मा ने दोहरा शतक लगाकर लिस्ट ए का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। रोहित ने इंग्लिश काउंटी में सरे के बल्लेबाज एलिस्टर ब्राउन को पीछे छोड़ दिया, जो दो दोहरे शतक बना चुके हैं, लेकिन रोहित ने मोहाली में दोहरा शतक बनाकर अपनी इस संख्या को 3 तक पहुंचा दिया।

सुरंगा लकमल की 4 गेंद में 4 छक्के

जिन सुरंगा लकमल ने पिछले मैच में भारतीयों बल्लेबाजों के पैरों में बेड़ियां डाल दी थीं। उन पर रोहित शर्मा का गुस्सा कुछ इस कदर बरपा कि लकमल को दिन में तारे नजर आने लगे। रोहित ने पारी के 44वें ओवर में लकमल पर जमकर भड़ास निकाली और आनन-फानन में 4 छक्के जड़ते हुए ओवर से 26 रन बटोरे। रोहित ने अगले ओवर में नुवान प्रदीप के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और दो छक्के लगाए।  

कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक 45 छक्के लगाए

रोहित शर्मा मौजूदा साल में 45 छक्के लगा चुके हैं। इस तरह से उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसके पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने साल 1998 में 40 छक्के लगाए थे।

युवराज के 153 छक्कों को पीछे छोड़ा

रोहित शर्मा के अब वनडे में 162 छक्के हो गए हैं। इस तरह से उन्होंने भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया है। युवराज सिंह के नाम वनडे में 153 छक्के हैं। भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में रोहित अब चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी हैं।

जहीर के रिकॉर्ड को भी किया बराबर

रोहित ने एक ओवर में 4 छक्के जमा दिए और लकमल के ओवर से अकेले 25 रन बटोरे। इस तरह से वनडे में एक ओवर में 4 छक्के जमाने वाले वह दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए।  जहीर खान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ साल 2000 में लगातार 4 छक्के मारे थे। रोहित इस दौरान ओवर में 26 से ज्यादा रन नहीं बना पाए। अन्यथा वह अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ देते। 

मेरे लिए काफी बड़ा दिन

यह दिन मेरे लिए काफी बड़ा है। मेरे लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी था, खासकर धर्मशाला की अपमानजनक हार से उबरने के लिए। हमने शुरू से अच्छी बल्लेबाजी की। शिखर धवन ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। श्रेयस अय्यर को देखकर नहीं लगा कि वह अपना दूसरा ही वनडे खेल रहे हैं। मैंने पहले 100 रन काफी देर में पूरे किए। उसके बाद मुझे लगा कि मैं यहीं तक नहीं रुकूंगा मुझे आगे भी खेलना है। मैं मैच के हालात को देखते हुए गेंद की लाइन में ही शॉट्स खेलता गया। मैंने पिछले दोहरे शतकों में भी इसी माइंडसेट के साथ बल्लेबाजी की थी।  

- रोहित शर्मा, कप्तान टीम इंडिया

2 कैलेंडर ईयर में भारत ने 10 से ज्यादा बार बनाए 300+ स्कोर 

मोहाली में रिकॉर्डों की झड़ी लगाते हुए भारतीय टीम ने वनडे में इस साल 10 बार 300+ रन बनाए हैं। ऐसा कर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के बाद एक साल में सबसे ज्यादा 300+ स्कोर बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गई है। ऑस्ट्रेलिया अभी भी एक कैलेंडर ईयर में 11 बार 300+ स्कोर बना चुकी है। वहीं, भारत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि भारत 2 बार कैलेंडर ईयर में दस बार 300+ स्कोर बना चुका है। इससे पहले 2009 में भारत दस बार 300+ स्कोर बना चुका है। वहीं, आॅस्ट्रेलिया ने साल 2007 में 11 बार 300+ स्कोर बनाया था। 2015 और 2017 में इंग्लैंड भी दो बार दस से ज्यादा 300+ स्कोर बना चुका है।

सिर्फ एक कान से ही सुन पाते हैं वॉशिंगटन सुंदर  

वॉशिंगटन सुंदर ने मोहाली में भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे एकदिवसीय मैच में डेब्यू किया। उन्होंने घरेलु क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखाया लेकिन फिर फिटनेस को लेकर दिक्कत आई। हालांकि कुछ समय तक विफल रहने के बाद उन्होंने हाल ही में यो-यो फिटनेस टेस्ट भी पास कर लिया है और अब भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में शामिल हो चुके हैं।

 

सुंदर सिर्फ एक ही कान से सुन सकते हैं। बाएं हाथ से बल्लेबाजी और दाहिने हाथ से गेंदबाजी करने वाला यह क्रिकेटर जब महज 4 साल का था, तो परिवार को उनकी परेशानी का पता चला। कई अस्पतालों में इलाज हुआ, लेकिन बाद में मालूम चला कि ये रोग असाध्य है।

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »