29 Mar 2024, 19:11:22 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

आखिरी बार चैंपियंस ट्राॅफी खेलने उतरेंगे धोनी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 8 2017 2:20PM | Updated Date: May 8 2017 2:32PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। भारत को 2013 में पिछली चैंपियंस ट्राॅफी में खिताब दिलाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को एक जून से इंग्लैंड में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी के लिए सोमवार को घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है। टीम में ओपनर रोहित शर्मा, आॅफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हुई है।
 
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड(बीसीसीआई) की सीनियर चयन समिति ने सोमवार को यहां अपनी बैठक के बाद 15 सदस्यीय टीम और पांच वैकल्पिक खिलाडि़यों की घोषणा की। चयनकर्ता प्रमुख एमएसके प्रसाद ने टीम की घोषणा करते हुए कहा कि धोनी नाजुक परिस्थितियों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं और उन्हें याद नहीं आता कि पिछले 10-12 वर्षों में धोनी ने विकेट के पीछे कभी खराब प्रदर्शन किया हो।
 
धोनी तीनों फार्मेट में कप्तानी छोड़ चुके हैं और वह सिर्फ सीमित प्रारूप में खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं। धोनी को आईपीएल-10 में राइंजिंग पुणे सुपरजाएंट्स की कप्तानी से भी हटा दिया गया था। धोनी ने घरेलू सत्र में झारखंड की कप्तानी की थी और विजय हजारे एकदिवसीय ट्राॅफी में अपनी टीम को सेमीफाइनल तक ले गए थे। 
 
घरेलू सत्र और आईपीएल में विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक और रिषभ पंत के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए धोनी पर सवाल उठाए जा रहे थे लेकिन चयनकर्ताओं ने धोनी को प्राथमिकता दी और कार्तिक तथा पंत को पांच वैकल्पिक खिलाडि़यों में रखा।
 
तेज गेंदबाज शमी ने अपना आखिरी वनडे 26 मार्च 2015 को सिडनी में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उसके बाद चोटों के कारण वह काफी समय टीम से बाहर रहे। 26 वर्षीय शमी 2015 विश्वकप में भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज थे। पूरी तरह फिट होने के बाद वह बंगाल के लिये विजय हजारे ट्राॅफी और आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेले। उन्हें चैंपियंस ट्राॅफी के लिए पांच तेज गेंदबाजों में रखा गया।

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »