26 Apr 2024, 03:32:30 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

भारत से भिड़ने से पहले ऑस्‍ट्रेलिया को फिर लगा बड़ा झटका

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 10 2017 1:52PM | Updated Date: Mar 10 2017 1:56PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। कप्तान स्टीवन स्मिथ के डीआरएस विवाद को झेल रही आॅस्ट्रेलियाई टीम को अब चोटिल खिलाडियों की लंबी फेहरिस्त से भी जूझना पड़ रहा है और मिशेल मार्श के बाद अब उसके तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क भी चोट के कारण भारत के खिलाफ शेष टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
 
स्टार्क अपने दाएं पैर में खिंचाव के कारण अब बाकी दो टेस्टों में नहीं खेल सकेंगे और जल्द स्वदेश लौटेंग। उनसे पहले मिशेल मार्श भी कंधे की चोट के कारण शेष सीरीज से बाहर हो गए थे। आॅस्ट्रेलियाई टीम के फिजियोथैरेपिस्ट डेविड बीकले ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। 
 
बीकले ने कहा- स्टार्क को दूसरे टेस्ट के दौरान दाएं पैर में चोट लग गई थी जिसका हमने आज सुबह स्कैन कराया और दुर्भाग्यवश उनके पैरों में खिंचाव का पता चला है। इसके बाद अब वह सीरीज के बाकी बचे दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे और वह रिहैबिलिटेशन के लिए वापिस स्वदेश जाएंगे। फिलहाल स्टार्क के विकल्प की घोषणा नहीं हुई है। 
 
क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया (सीए) ने हालांकि स्टार्क की जगह अभी तक किसी भी वैकल्पिक खिलाड़ी के नाम की घोषणा नहीं की है। लेकिन तस्मानिया के तेज गेंदबाज जैक्सन बर्ड को दौरे के लिए रिजर्व खिलाड़ी के रूप में रखा गया है और संभवत: उन्हें ही मौका दिया जा सकता है।
 
27 वर्षीय स्टार्क ने सीरीज में अब तक गेंद के अलावा बल्ले से भी कमाल किया है। पुणे टेस्ट की पहली पारी में 61 रन बनाने के बाद उन्होंने अपने ओवर की लगातार दो गेंदों पर चेतेश्वर पुजारा और भारतीय कप्तान विराट को आउट किया था। स्टार्क पहले दो मैचों में 118 रन बनाने के साथ-साथ पांच विकेट भी झटक चुके हैं।
 
आॅस्ट्रेलिया के लिए अब तक 36 टेस्ट, 65 वनडे और 22 ट्वंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके स्टार्क इससे पहले न्यूजलैंड के खिलाफ हुई सीरीज और गत वर्ष भारत की मेजबानी में हुई ट्वंटी-20 विश्वकप में भी पैर की चोट के कारण बाहर हो गए थे।
 
हालांकि सीए ने मिशेल मार्श की जगह विक्टोरिया के आॅलराउंडर मार्कस स्टोनिस के नाम की घोषणा कर दी है जो अपना घरेलू शैफील्ड शील्ड मैच समाप्त करने के बाद तीसरे टेस्ट से पूर्व भारत दौरे पर पहुंचेंगे। चार मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का अगला मैच 16 मार्च से रांची में खेला जाएगा। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »