मुंबई। टीम इंडिया के पूर्व कोच ग्रेग चैपल को भारतीय क्रिकेट में हमेशा उनकी गलतियों के लिए याद किया जाता है। लोग उन्हें भारतीय टीम को बर्बाद करने के लिए याद करते हैं। यहां तक की हाल ही में क्रिकेट को अलविदा कहने वाले इरफ़ान पठान के करियर को खत्म करने के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जाता है। इरफ़ान पठान के प्रदर्शन के पीछे हमेशा पूर्व कोच ग्रेग चैपल को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा। लेकिन संन्यास के बाद इरफ़ान पठान ने खुद ग्रेग चैपल का बचाव करते हुए कहा था कि उनके प्रदर्शन में गिरावट के लिए ग्रेग चैपल को दोष देना चीजों को मुद्दों से भटकाना मात्र था। वहीं अब ग्रेग चैपल ने सामने आकर इरफ़ान की जमकर तारीफ की है।
ब्रिसबन से ग्रेग चैपल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, "इरफ़ान पठान टीम की जरूरत के मुताबिक यानी किसी भी रोल को अदा करने में खुश रहते थे। वो न सिर्फ साहसी थे बल्कि उनके अंदर स्वार्थ की भावना नहीं थी। इरफ़ान पठान ने साबित करके दिखाया था कि वह एक अच्छे ऑलराउंडर थे। सीमित ओवर के क्रिकेट को छोड़ दिया जाए तो वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में शतक (93 रन बनाम श्रीलंका, फिरोजशाह कोटला स्टेडियम, दिल्ली) के भी करीब पहुंचा था। उनकी स्विंग बॉलिंग काफी जबरदस्त रही."ग्रेग चैपल ने 2006 में इरफ़ान पठान द्वारा ली गई हैट्रिक की चर्चा करते हुए कहा, "पाकिस्तान के खिलाफ कराची में पहले ही ओवर में ली गई हैट्रिक मेरे लिए उनके यादगार पलों में शामिल है।