19 Apr 2024, 12:36:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

विराट कोहली ने सचिन और सहवाग को छोड़ा पीछे

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 11 2019 5:17PM | Updated Date: Oct 11 2019 5:18PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

पुणे। भारत की रन मशीन और कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां चल रहे दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपना सातवां दोहरा शतक (नाबाद 254) बनाने के साथ ही क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर और विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग को एक ही झटके में पीछे छोड़ दिया और इस पारी के दौरान कई कीर्तिमान स्थापित कर दिए। 
 
विराट ने अपनी रिकॉर्डतोड़ दोहरी शतकीय पारी से नए कीर्तिमान स्थापित कर डाले और सर्वाधिक दोहरे शतक बनाने में सचिन और सहवाग (6-6 दोहरे शतक) के भारतीय रिकॉर्ड को तोड़ डाला। विराट ने अपनी पारी का 200वां रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन भी पूरे कर लिए। विराट के टेस्ट करियर का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है और वह पहली बार एक टेस्ट पारी में 250 से आगे पहुंचे हैं।
 
उन्होंने 336 गेंदों की अपनी पारी में 33 चौके और दो छक्के लगाए। वह टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन पूरे करने वाले भारत के सातवें और दुनिया के 47वें बल्लेबाज बन गए। वह सबसे तेज 7000 रन पूरे करने में गैरी सौबर्स और कुमार संगकारा के बराबर संयुक्त चौथे स्थान पर आ गए हैं। वाली हेमंड ने 131, सहवाग ने 134 और सचिन ने 136 पारियों में 7000 टेस्ट रन पूरे किये थे। भारतीय कप्तान ने इस मुकाबले में एक साथ सातवां दोहरा शतक बनाने और 7000 रन पूरे करने की दोहरी उपलब्धि हासिल कर ली है। अपनी इस पारी से उन्होंने कई भारतीय रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाले। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »