मुंबई। सोशल मीडिया पर इन दिनों भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें फैली हुई है। खबरें है कि धोनी जल्द ही क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। इस बीच टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का धोनी को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है। भारत बनाम साउथ अफ्रीका टी-20 मैच से एक दिन पहले विराट कोहली ने धर्मशाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि भारतीय टीम अगली कुछ सीरीजों में नए खिलाड़ियों को मौका देगी।
वहीं, जब कप्तान विराट कोहली से महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, संन्यास की बात है तो ये उनका निजी निर्णय होगा, लेकिन हम ये जानते हैं कि उनका अनुभव हमेशा टीम के काम आता है। विराट ने बताया कि वे घर पर बैठे हुए थे बिना कुछ सोचे उन्होंने फोटो पोस्ट कर दिया था। बता दें कि धोनी वर्ल्ड कप 2019 के बाद से ही टीम से बाहर हैं। वेस्टइंडीज दौरे के बाद वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में भी नजर नहीं आएंगे।