मुंबई। इन दिनों हर तरह भारतीय टीम के पूर्व सफल कप्तान और वर्तमान विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें छाई हुई हैं। मीडिया की खबरों में इस बारे में जिक्र किया गया कि धोनी घर लौटने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। हाल ही में जो खबरें मिली है उसके मुताबिक भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात करेंगे जिसके बाद धोनी से उनके भविष्य के बारे में बातचीत होगी।
बीसीसीआई से जुड़े एक शख्स ने इस बारे में बताया है कि महेंद्र सिंह धोनी अब भारतीय टीम की पहली पसंद नहीं रहे हैं। यदि वह खुद संन्यास की घोषणा नहीं करते हैं तो उनको टीम से बाहर कर दिया जाएगा और संन्यास के लिए मजबूर किया जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 अगस्त से सीरीज शुरू होनी है। अभी भी सस्पेंस बना हुआ है कि धोनी खेलेंगे या नहीं।
गुरु पूर्णिमा के दिन धोनी के बचपन के गुरु केशव बैनर्जी से सवाल किया गया कि क्या आपकी धोनी से मुलाकात हुई तो उन्होंने बताया कि वह घर पर नहीं था। मैंने उनके माता-पिता से बातचीत की। हमारे बीच काफी मजाक मस्ती हुई। मैंने उनके माता-पिता से कहा धोनी को संन्यास नहीं लेना चाहिए। अभी उन्हें खेलना चाहिए। उनके पास T20 वर्ल्ड कप जीतने का मौका है। वह बहुत ही फिट है।
गुरु केशव बैनर्जी से सवाल किया गया कि इस बारे में धोनी के माता-पिता की क्या राय है तो गुरु केशव बैनर्जी ने बताया कि धोनी के माता-पिता नहीं चाहते कि वह अब खेले। उनका मानना है कि धोनी को अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देना चाहिए। धोनी को घर पर ही रहना चाहिए जिससे कि वह इतने बड़े घर और संपत्ति का ख्याल रख सके। हमारी तो उम्र हो गई है, अब हम ध्यान नहीं रख सकते।