16 Apr 2024, 15:02:18 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

इंग्लैंड ने खड़े किए पहाड़ सा स्कोर, अफगानिस्तान को दिया 397 रनों का लक्ष्य

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 18 2019 7:11PM | Updated Date: Jun 18 2019 7:11PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मैनचेस्टर। कप्तान इयोन मोर्गन के तूफानी शतक से इंग्लैंड ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के लीग मैच में मंगलवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ रिकार्डों की झड़ी लगाते हुए छह विकेट पर 397 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मोर्गन ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 71 गेंद में रिकार्ड 17 छक्कों और चार चौकों की बदौलत 148 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज जानी बेयरस्टा (90) और जो रूट (88) ने भी अर्धशतक जड़े. मोर्गन ने 28 रन पर मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की. रूट और बेयरस्टा ने भी दूसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े. इंग्लैंड की टीम ने अंतिम 15 ओवर में 198 रन बनाये। कप्तान गुलबदिन नायब ने 68 जबकि तेज गेंदबाज दौलत जादरान ने 85 रन देकर तीन-तीन विकेट चटकाए।

स्टार स्पिनर राशिद खान बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने नौ ओवर में 110 रन लुटाए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। राशिद का यह प्रदर्शन विश्व कप मैच में किसी गेंदबाज का सबसे खराब प्रदर्शन है. वह अफगानिस्तान की ओर से किसी एकदिवसीय मैच में सबसे महंगे गेंदबाज भी साबित हुए। राशिद के खिलाफ 11 छक्के लगे जो विश्व कप मैच में रिकार्ड है. इंग्लैंड की पारी में 25 छक्के लगे जो विश्व रिकार्ड है। इससे पहले इंग्लैंड ने ही वेस्टइंडीज के खिलाफ एक पारी में 24 छक्के मारे थे। इंग्लैंड ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम को बेयरस्टा और चोटिल जेसन राय की जगह खेल रहे जेम्स विन्स (26) ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़कर सतर्क शुरुआत दिलाई। जादरान ने विन्स को मुजीब उर हसन के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। बेयरस्टा और रूट ने इसके बाद अगले 20 ओवर से अधिक समय तक अफगानिस्तान के गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा. बेयरस्टा ने स्पिनर रहमत शाह पर पारी का पहला छक्का जड़ा। रूट ने नायब की गेंद पर एक रन के साथ 20वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया. इस ओवर में बेयरस्टा ने चौके के साथ 61 गेंद में अर्धशतक जड़ा जो एकदिवसीय क्रिकेट में उनका सबसे धीमा अर्धशतक है।

बेयरस्टा ने इसके बाद राशिद को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में चौका और छक्का जड़ा और फिर मोहम्मद नबी की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। बेयरस्टा हालांकि नायब की धीमी गेंद पर उन्हीं को वापस कैच देकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 99 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और तीन छक्के मारे। इसके बाद इंग्लैंड के कप्तान मोर्गन का जलवा देखने को मिला। मोर्गन ने नायब पर लगातार दो छक्कों के साथ अपने तेवर दिखाए। मोर्गन हालांकि 28 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब 36वें ओवर में राशिद की गेंद पर दौलत ने उनका कैच टपका दिया और गेंद चार रन के लिए चली गई। इंग्लैंड के कप्तान ने इस ओवर में दो और छक्के मारे और इंग्लैंड का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।

रूट ने इस बीच नबी की गेंद पर एक रन के साथ 54 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. मोर्गन ने भी इसी स्पिनर पर छक्के के साथ सिर्फ 36 गेंद में अर्धशतक बनाया। मोर्गन ने नबी पर दो और छक्के मारे जबकि राशिद खान के ओवर में तीन छक्कों के साथ 57 गेंद में विश्व कप का चौथा सबसे तेज शतक पूरा किया। उन्होंने राशिद के अगले ओवर में दो छक्के मारे. नायब का पारी का 47वां ओवर घटना प्रधान रहा. मोर्गन ने पहली दो गेंदों पर छक्के जड़े जबकि चौथी गेंद पर रूट ने लांग आन पर रहमत को कैच थमा दिया. रूट ने 82 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्का मारा।

मोर्गन ने पांचवीं गेंद पर अपना 17वां छक्का जड़कर एकदिवसीय मैच में सर्वाधिक छक्कों के क्रिस गेल, रोहित शर्मा और एबी डिविलियर्स (सभी 16 छक्के) के रिकार्ड को तोड़ा. वह एकदिवसीय क्रिकेट में पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने छक्कों से ही 100 से अधिक रन जुटाए। मोर्गन हालांकि अंतिम गेंद पर रहमत को कैच दे बैठे. जोस बटलर (02) भी अगले ओवर में जादरान का शिकार बने।जादरान ने अंतिम ओवर में बेन स्टोक्स (02) को भी पवेलियन भेजा, लेकिन मोईन अली (नौ गेंद में नाबाद 31, तीन छक्के, एक चौका) ने दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 400 रन के करीब पहुंचाया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »