29 Mar 2024, 17:48:17 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport » Cricket

राहुल के शतक पर फेरा पानी, मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से हराया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 11 2019 1:16AM | Updated Date: Apr 11 2019 1:16AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार को मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के मुकाबले में किरॉन पोलार्ड की धमाकेदार पारी की मदद से मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से हरा दिया। पोलार्ड ने 31 गेंद 83 रन की मैच जिताऊ और विस्फोटक पारी खेली। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने शानदार शुरुआत की और पहले गेल के तूफानी अर्धशतक और फिर केएल राहुल के शतक के दम पर पंजाब ने मुंबई को जीत के लिए 198 रनों का लक्ष्य दिया था। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चौथे ओवर की चौथी गेंद पर मोहम्मद शमी ने पहला झटका दिया। उन्होंने सिद्देश लाड को 15 रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद 8वें ओवर में सैम करेन की गेंद पर सूर्यकुमार यादव 21 रन बनाकर आउट हो गए। इससे पहले कि मुंबई की टीम संभलती, 9वें ओवर की 5वीं गेंद पर डिकॉक 24 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें आर अश्विन ने डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। 

एक ही ओवर में पंड्या ब्रदर्स लौटे पैवेलियन
इसके बाद कुछ देर तक मुंबई की पारी संभली, लेकिन सैम करेन ने 12वें ओवर में ईशान किशन को 7 रन पर चलता किया। ईशान किशन के बाद आए हार्दिक पंड्या बेहतर लय में नजर आ रहे थे, लेकिन शमी न उन्हें 19 रन पर 16वें ओवर की पहली गेंद पर डेविड मिलर के हाथों कैच कराया। वहीं, इसी ओवर की चौथी गेंद पर शमी ने क्रुणाल पंड्या को भी आउट किया। क्रुणाल ने 2 गेंदों पर 1 रन बनाए। इसके बाद 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर पोलार्ड 83 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 31 गेंदों में 10 छक्के और 3 चौके लगाकर यह पारी खेली। पोलार्ड टीम को जीत के नजदीक ला चुके थे। बचा हुआ काम जोसेफ और राहुल ने करते हुए टीम को जिता दिया।  पोलार्ड को उनकी आतिशी पारी के लिए प्लेयर ऑफ मैच का पुरस्कार दिया गया।

लोकेश राहुल का आईपीएल में पहला विस्फोटक शतक
पंजाब की ओर से ओपनर लोकेश राहुल  के विस्फोटक शतक और क्रिस गेल  की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ चार विकेट पर 197 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। राहुल ने आईपीएल में अपना पहला शतक बनाया। इससे पहले उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 95 रन था जो उन्होंने पिछले सत्र में बनाया था। राहुल ने 64 गेंदों पर नाबाद 100 रन में छह चौके और छह छक्के लगाए। राहुल ने गेल के साथ पहले विकेट की साझेदारी में 125 ओवर में 116 रन जोड़े। गेल ने भी प्रचंड अंदाज में खेलते हुए 36 गेंदों पर 63 रन में तीन चौके और सात छक्के उड़ाए। राहुल ने अंतिम तीन ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिसकी बदौलत पंजाब ने इन तीन ओवरों में 55 रन जोड़ डाले। पंजाब को मजबूत स्कोर तक पहुंचने के लिए अंतिम ओवरों में बड़े शॉट की जरूरत थी और राहुल ने 19वें ओवर में हार्दिक पंड्या की गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका उड़ाते हुए 25 रन बटोर डाले। पंड्या ने चार ओवर में 57 रन लुटाकर दो विकेट लिए और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज बने। अन्य बल्लेबाजों में डेविड मिलर ने 7, करुण नायर ने 5, सैम करेन ने 8 और मनदीप सिंह ने नाबाद 7 रन बनाए। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »