धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के जंगलों में आज सुबह सुरक्षाबलों की गोलीबारी के बाद नक्सली भाग खड़े हुए। नगरी पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को मटियाबहरा में नक्सलियों के कैम्प लगाने के बारे में सूचना मिली थी। नक्सलियों की संख्या 10-12 बताई गई थी। सुबह साढ़े पांच बजे 15 से अधिक सुरक्षाबलों की टीम कार्रवाई के लिए निकली, इसी बीच अचानक गोलीबारी शुरु हो गई। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी की, जिसके बाद नक्सली भाग खड़े हुए। पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि कुल 16 राउंड फायर किया गया, जिसमें एक नक्सली को गोली लगी है।