नई दिल्ली। घरेलू मार्गों पर अक्टूबर में एक करोड़ चार लाख से ज्यादा यात्रियों ने उड़ान भरी जो अब तक किसी भी एक महीने का रिकॉर्ड है। नागर विमानन महानिदेशालय द्वारा आज यहाँ जारी आँकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में घरेलू मार्गों पर एक करोड़ चार लाख 51 हजार लोगों ने यात्रा की जबकि पिछले साल अक्टूबर में 86 लाख 72 हजार यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी। इस प्रकार इसमें 20.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह दूसरा मौका है जब एक महीने हवाई यात्रियों की संख्या एक करोड़ के पार रही है।
इससे पहले इस साल मई में यह संख्या एक करोड़ एक लाख 74 हजार रही थी। जनवरी से अक्टूबर के बीच साल के पहले 10 महीने में हवाई यात्रियों की संख्या 17.30 प्रतिशत बढ़ी है। पिछले साल अक्टूबर तक आठ करोड़ 13 लाख 70 हजार लोगों ने घरेलू मार्गों पर यात्रा की थी। इस साल अक्टूबर तक उनकी संख्या नौ करोड़ 54 लाख 45 हजार पर पहुँच गयी है।