19 Apr 2024, 16:10:33 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Business

चीन की कार कंपनी साइक ने रखा भारतीय बाजार में कदम

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 28 2017 3:53PM | Updated Date: Jun 28 2017 3:54PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। चीन की अग्रणी कार निर्माता कंपनी साइक मोटर कॉर्पोरेशन ने आज अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई "एमजी मोटर इंडिया" की स्थापना की घोषणा की तथा कहा कि उसकी वर्ष 2019 तक देश में ही विनिर्माण शुरू करने की योजना है।
 
कंपनी ने यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसकी योजना वर्ष 2019 तक भारत में उत्पादन शुरू करने की है। विनिर्माण संयंत्र लगाने के लिए वह जगह तलाशने की प्रक्रिया में है  और भारतीय बाजार के लिए अपनी उत्पाद रणनीति को अंतिम रूप दे रही है जिसके बारे में विस्तृत विवरण बाद में जारी किया जाएगा। कंपनी ने निवेश के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
 
फॉर्च्यून 500 में 46 वें नंबर की कंपनी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि वर्ष 2020 तक दुनिया के संभावित तीसरे सबसे बड़े वाहन बाजार भारत का हिस्सा बनने की उसे खुशी है। उसने कहा कि भारत में विनिर्माण संयंत्र लगाने से यहां बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और सरकार की 'मेक इन इंडिया' तथा 'कौशल भारत' जैसी योजनाओं में भी मदद मिलेगी। इससे क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। 
 
सौ अरब डॉलर के वैश्विक राजस्व वाली कंपनी ने बताया कि भारतीय बाजार में उसने पर्यावरण के अनुकूल वाहन उतारने का लक्ष्य रखा है। इसे "एमजी" (मॉरिस गैरेजेज) ब्रांड नाम के तहत पेश किया जायेगा। उसने कहा है कि ब्रितानी स्पोर्ट्स कार ब्रांड "एमजी" को भारत में उतारना उसकी वैश्विक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। "एमजी" वाहन यूरोपीयन एंड ग्लोबल डिजाइन सेंटर में डिजाइन किये गये हैं जो अब भारत में बनाये जायेंगे। उसने बताया कि इसमे भारतीय नियामकों की जरूरतों और वैश्विक गुणवत्ता मानकों, दोनों का ध्यान रखा जायेगा। 
 
भारतीय इकाई के निर्माण के साथ ही कंपनी ने उच्च स्तरीय प्रबंधन में नियुक्तियों की भी घोषणा की। श्री राजीव छाबा को एमजी मोटर इंडिया का प्रबंध निर्देशक और श्री पी. बालेंद्रन को मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »