मुंबई। अक्सर आपने लोगों को कहते हुए सुना होगा की पहली नजर में ही प्यार हो गया था। यही पहली नजर का प्यार बॉलीवुड के एक्शन हीरो सुनील शेट्टी को भी माना से हो गया था। सुनील शेट्टी ने फिल्मी सफर की शुरूआत करने से पहले ही माना को दिल हार बैठे थे। सुनील शेट्टी और माना शेट्टी की शादी को 27 साल हो चुके हैं लेकिन दोनों के बीच रिश्ता आज भी ऐसा है जैसे मानों हाल ही में यह दोनों कपल शादी के रिश्ते में बंधे हो।
सुनील शेट्टी 11 अगस्त को अपना 57वां जन्मदिन मनाएंगे तो चलिए इस खास मौके पर हम आपको सुनील और माना की लव स्टोरी के बारे में बताते हैं। सुनील शेट्टी ने माना को पहली बार एक पेस्ट्री की दुकान पर देखा था। पेस्ट्री की यह दुकान मुंबई में नेपियन सी रोड पर है जहां पर सुनील अक्सर अपने दोस्तों से मिलने के लिए आया करते थे। उस वक्त सुनील लंबे बाल रखते थे। दुकान में माना से हुई पहली मुलाकात में ही सुनील उन्हें अपना दिल दे बैठे थे।
माना को पहली बार देखने के बाद सुनील उनके प्यार में इस कदर पागल हो गए थे कि उन्होंने सबसे पहले माना की बहन से बात की। सुनील चाहते थे कि माना की बहन उनकी मुलाकात या यूं कहे कि सुनील का परिचय माना से खुद करवाए। माना से इस तरह से सुनील की कई मुलाकात होने लगी। सुनील को इस बात का अहसास हो गया था कि माना ही वह है जिसके साथ वह अपनी जिंदगी बिता सकते हैं।
सुनील ने अपने कॉमन दोस्त से कहा कि वह एक पार्टी रखे जिसमें माना को भी न्योता भेजे। इस पार्टी के बाद माना सुनील के साथ बाइक राइड पर गईं और तभी उन्हें अहसास हुआ कि यह दोनों एक दूसरे के लिए ही बने हैं। माना और सुनील शेट्टी दोनों अलग-अलग धर्म से ताल्लुक रखते हैं।
माना का पूरा नाम मोनिषा कादरी है। वह पंजाबी और मुस्लिम दोनों ही परिवार से ताल्लुक रखती हैं। जबकि सुनील कर्नाटका के बंत समुदाय से ताल्कुल रखते हैं। ऐसे में माना और सुनील के परिवार वालों को लगा कि इन दोनों की शादी में अलग अलग धर्म का होना दिक्कतें खड़ी कर सकता है। इसी वजह से दोनों को शादी के लिए 9 साल के लंबे वक्त का इंतजार करना पड़ा। 9 साल बाद माना और सुनील शेट्टी ने साल 1991 में शादी के बंधन में बंध गए।
उस वक्त सुनील शेट्टी ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरूआत नहीं की थी। शादी के बाद सुनील शेट्टी ने साल 1992 में 'बलवान' फिल्म से एंट्री की थी। इस फिल्म में सुनील शेट्टी के अपोजिट दिव्या भारती मुख्य किरदार में थीं। यह फिल्म बॉक्स आॅफिस पर सुपरहिट हुई और रातोंरात सुनील शेट्टी का सितारा बॉक्स आॅफिस पर हमेशा के लिए चमक गया।
फिल्म इंडस्ट्री में अपनी फिटनेस और लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए मशहूर सुनील शेट्टी लंबे समय से लाइमलाइट से दूर हैं । अब उनकी बेटी अथिया और बेटा अहान बॉलीवुड में एंट्री करने जा रहे हैं । सुनील ने अपने करियर में 110 फिल्मों में काम किया है । उनके फिल्मी करियर में तो कई उतार चढ़ाव आएं लेकिन सुनी का साइड बिजनेस दिनों-दिन तरक्की करता रहा । सुनील शेट्टी के कई रेस्त्रां और उनकी पत्नी माना शेट्टी के डेकोर सेंटर हैं ।