मुंबई। बॉलीवुड की जानी मानी पार्श्वगायिका आशा भोंसले को सुपरहिट गाना रात बाकी का नया वर्जन बेहद पसंद आया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी वाली आने वाली फिल्म 'इत्तेफाक' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है। इस फिल्म का पहला गाना 'रात बाकी' रिलीज कर दिया गया है। रिलीज के बाद लोगों ने इसे काफी पसंद किया है। इस गाने के ओरिजिनल वर्जन को मशहूर गायिका आशा भोंसले ने गाया था और उनका साथ बप्पी लाहिड़ी ने दिया था।
इस गाने को फिल्म नमक हलाल में परवीन बॉबी और शशि कपूर पर फिल्माया गया था। इस बार गाने के बोल में थोड़ा सा बदलाव किया गया है। इस गाने को जुबीन नौटियाल और निकिता गांधी ने गाया है। गाने के बारे में आशा भोंसले की राय शेयर करते हिुए सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ट्विटर पर लिखा आशा मैम और उनका संदेश हमेशा जिंदा रहेगा। उनको इत्तेफाक का रात बाकी गाना पसंद आया है, इससे हम उत्साहित हैं।