29 Mar 2024, 13:13:57 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

मुंबई। फिल्‍म अभिनेता ओमपुरी का आज सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करने वाले ओमपुरी अंतिम समय एकदम अकेले रह गए थे। ओमपुरी ने दो शादियां की, पहली पत्‍नी से तलाक लेकर उन्‍होंने नंदिता पुरी से शादी की थी। पर ये रिश्‍ता भी विवादों में ही रहा। कुछ वर्ष में ओमपुरी एकदम तन्‍हा जिंदगी जी रहे थे। इसी तन्‍हाई के कारण वो नशा भी करने लगे थे। उनके साथी अभिनेता रजा मुराद ने कहा की ओम पुरी इन दिनों बहुत शराब पीने लगे थे। 
 
ओमपुरी 66 साल के थे। आज तड़के सुबह ओमपुरी ने अंतिम सांस ली। ओमपुरी हिन्दी फिल्मों के एक प्रसिद्ध अभिनेता थे जिनका जन्म 18 अक्टूबर 1950 में हरियाणा के अम्बाला शहर में हुआ। ओम पुरी के निधन के बाद पूरा बॉलीवुड सदमे में है। ओमपुरी ने बॉलीवुड के अलावा ब्रिटिश तथा अमेरिकी सिनेमा में भी योगदान दिया। वे पद्मश्री पुरस्कार विजेता भी थे, जोकि भारत के नागरिक पुरस्कारों के क्रमानुसार चौथा पुरस्कार है। 
 
'घासीराम कोतवाल' से की करियर की शुरूआत 
पुरी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने ननिहाल पंजाब के पटियाला से पूरी की। 1976 में पुणे फिल्म संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ओमपुरी ने लगभग डेढ़ वर्ष तक एक स्टूडियो में अभिनय की शिक्षा दी। बाद में ओमपुरी ने अपने निजी थिएटर ग्रुप "मजमा" की स्थापना की। ओमपुरी ने अपने फिल्मीत सफर की शुरुआत मराठी नाटक पर आधारित फिल्म 'घासीराम कोतवाल' से की थी। वर्ष 1980 में रिलीज फिल्म "आक्रोश" ओम पुरी के सिने करियर की पहली हिट फिल्म साबित हुई। 1993 में ओमपुरी ने नंदिता पुरी से शादी की थी। हालांकि यह जोड़ा 2013 में अलग हो गया था। उनका एक बेटा इशान है।
 
पीएम ने जताया दुख
ओमपुरी के निधन की खबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा कि पीएम मोदी ने पुरी के निधन पर शोक जताया है और उनके थियेटर और फिल्मों को याद किया। 
 
सदमे में बॉलीवुड
शबाना आजमी ने कहा - उनके घर जा रही हूं और ये दुखद है। कई साल की दोस्ती है और ओमपुरी का यूं अचानक चले जाना बहुत चुभ रहा है। मैं अभी कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूं। एक साल से उनसे बस फोन पर ही बातचीत होती थी। अभी उनके घर जा रही हूं। 
 
अभिनेता रजा मुराद ने कहा- बॉलीवुड के लिए यह एक ऐसी क्षति है जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है। मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति है। ओमपुरी मेरे गहरे दोस्तों में से एक थे। मुझे समझ नहीं आ रहा क्या कहा जाए... उन्होंने कहा कि वे हर तरह के किरदार निभाने में सक्षम थे। 
 
मधुर भंडारकर ने कहा- ‘यकीन नहीं हो रहा है कि ऐसा कुछ हुआ है। उन्होंने इंटरनेशनल लेवल पर अपने अभिनय का कमाल दिखाया है। मैं पुरी जी के निधन की खबर पाकर आहत हूं। 
 
अभिनेता अनुपम खेर ने कहा- विश्वास नहीं हो रहा कि ओमपुरी नहीं रहे। उनके निधन से बेहद दुखी हूं। 
 
निर्देशक करन जौहर ने ट्वीट किया- भारतीय सिनेमा ने एक बेहद काबिल अभिनेता खो दिया है। ओमपुरी को श्रद्धांजलि। 
 
निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने कहा- अलविदा ओम! आज तुम्हारे साथ मेरी जिंदगी का भी एक हिस्सा चला गया। मैं उन लम्हों को कैसे भूल सकता हूं जब हमने फिल्म और जिंदगी की बाते करते हुए कई रातें गुजारीं। 
 
अभिनेता बोमन ईरानी ने कहा- हमने आज बेहतरीन प्रतिभा, बेहतरीन आवाज, बेहतरीन शख्सियत को खो दिया है। हम सब आपको याद करेंगे ओमपुरी साहब!
 
अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी ने कहा- कि वो ये खबर सुनकर सदमे में हैं। 
 
अभिनेता रितेश देशमुख ने भी लिखा- ये खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। अभिनेता राजपाल यादव ने भी पुरी के निधन पर दुख जताया है। 

ट्रेन ड्राइवर बनना चाहते थे ओम पुरी 
ओमपुरी की जिंदगी बड़ी ही संघर्षों में बीती, उनके घर की आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि वो कोयला बीनकर अपना पेट भरते थे। इतना ही नहीं परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने सात साल की उम्र में एक ढाबे पर भी काम किया। यहां वो बर्तन धोने का काम करते थे। कुछ दिनों बाद ही मालिक ने उन पर चोरी का इल्जाम लगाया और नौकरी से निकाल दिया। ओमपुरी को बचपन से ही ट्रेन से बड़ा लगाव था। इसीलिए वो बड़े होकर ट्रेन ड्राइवर बनना चाहते थे। 
 
कई फिल्‍मों में कर चुके थे काम
ओमपुरी ने फिल्मों में डेब्यू 1976 में मराठी फिल्म ‘घासीराम कोतवाल’ से किया। इस फिल्म को एफटीआईआई के ही 16 ग्रेजुएट ने मिलकर बनाया था। इसमें अमरीश पुरी, नसीरूद्दीन शाह, शबाना आजमी और स्मिता पाटिल शामिल थे। ओमपुरी को फिल्मों में पहचान मिली 1980 में आई फिल्म ‘आक्रोश’से जिसे आलोचकों ने खूब सराहा। उनकी कई उम्दा फिल्में है जो उनके बेहतरीन अभिनय को दर्शाती हैं। 
 
ओम पुरी फिल्मों में अपने गंभीर अभिनय और कॉमेडी के लिए जाने जाते थे। उनकी यादगार फिल्मों में नरसिम्हा, धूप, डिस्को डांसर, माचिस, चाइना गेट, मालामाल वीकली, हलचल आदि थीं। वह हिंदी के अलावा अंग्रेजी, कन्नड़ और पंजाबी भाषा की फिल्मों में भी काम कर चुके थे। ओम पुरी को उनकी शानदार एक्टिंग के अलावा जानदार आवाज के लिए जाना जाता था। 
 
नौकरानी थी ओम पुरी का पहला प्‍यार
ओम पुरी की पत्नी नंदिता पुरी ने अपने पति की जिंदगी को शक्ल एक किताब में दी। इस किताब का नाम है- 'असाधारण नायक ओम पुरी'। इसमें उन्होंने लिखा था कि ओम पुरी ने 14 साल की उम्र में घर की नौकरानी के साथ सेक्स किया था।  हालांकि, ओम पुरी को अपनी पत्नी की ये बात पसंद नहीं आई। नंदिता ने अपनी किताब में इस बात का खुलासा भी किया कि मामा के घर पर काम करने वाली 55 साल की नौकरानी से उन्हें प्यार हो गया था।
 
नौकरानी भी उनका बहुत ख्याल रखती थी। एक दिन घर की लाइट गुल हो गई। नौकरानी ने मौका देखकर उन्हें पकड़ लिया। तब ओम पुरी ने पहली बार नौकरानी के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। वो नौकरानी ओम पुरी का पहला प्यार थी। नंदिता ने यह भी खुलासा किया कि वे अपने से ज्यादा उम्र की औरतों की तरफ आकर्षित होने लगे थे। 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »