19 Apr 2024, 19:00:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

मुंबई। बॉलीवुड के चॉकलेटी हीरो शाहिद कपूर अपनी फिल्म ‘कबीर सिंह’ की सफलता से बेहद खुश हैं। शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ 21 जून को प्रदर्शित हुयी है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हो चुकी है और फिल्म ने अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म को मिली इस सफलता के लिए शाहिद ने एक वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखा है।
 
फिल्म की सफलता से शाहिद कपूर बेहद खुश हैं और उन्होंने इस मौके पर फिल्म की तस्वीरों के कोलाज वाला एक विडियो शेयर कर दर्शकों को थैंक्यू बोला है। इस वीडियो को शेयर करते हुए शाहिद ने लिखा, ‘आपके प्यार के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ जाएंगे। उसे (कबीर सिंह) को समझने, माफ करने और दिल से उसे इतना प्यार करने के लिए धन्यवाद। हम सभी एक जैसे नहीं होते। अच्छे दिल का बनने के लिए और हमें बेहतर बनने के लिए हमेशा अपनी गलतियों से सीखकर ऊपर उठना पड़ता है।
 
वह गलत है और हम सभी गलत हो सकते हैं। आपने उसे जज नहीं किया बल्कि उसे महसूस किया। आपने उसे समझा। मैं आपके लिए इतना शुक्रगुजार कभी नहीं हुआ। शाहिद कपूर ने लिखा यह मेरे द्वारा निभाया गया सबसे बुरा किरदार था और इसी को सबसे ज्यादा प्यार मिला। इंडियन सिनेमा और ऑडियंस बहुत आगे जा चुके हैं। ऑडियंस की चॉइस बदल गई है।
 
आप लोगों में और अधिक मैच्यॉरिटी और मानवता आ गई है। आपने मुझे उड़ने के लिए पंख दिए। आपने अपने प्यार के जरिए मेरे कंधों पर जिम्मेदारी का बोझ ही नहीं बढ़ाया है बल्कि एक स्टार होने के नाते यह साहस भी दिया है कि एक अभिनेता होने के नाते आपकी नफरत भी सह सकूं। सिनेमा जिंदगी का आइना होती है। मुख्य पात्र को केवल उसकी अच्छाई तक सीमित नहीं किया जा सकता बल्कि वह एक इंसान है और वह पर्फेक्ट नहीं हो सकता। अपूर्णता में भी एक पूर्णता होती है और यही इसकी खूबसूरती है और मानव जीवन का चैलेंज है।
 
बार-बार आपको धन्यवाद। आप सभी इस कहानी के हीरो हैं।’ उल्लेखनीय है कि संदीप वांगा रेड्डी के निर्देशन में बनी ‘कबीर सिंह’ तेलुगू सुपरहिट फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ का रीमेक है। फिल्म में शाहिद कपूर के ऑपोजिट कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में दिखाई दी हैं। फिल्म में शाहिद ने एक ऐसे सर्जन का किरदार निभाया है जो प्यार में असफल होने के बाद शराब और ड्रग्स में डूब जाता है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »