नई दिल्ली। गंभीर बीमारी से उबरने के बाद प्रख्यात अभिनेता इरफान खान ने सिल्वर स्क्रीन पर अपने जलवे बिखेरने का सिलसिला शुक्रवार को ‘अंग्रेजी मीडियम’ फिल्म की शूटिंग के साथ शुरू कर दिया। अंग्रेजी मीडियम के निर्माता दिनेश विजन ने ट्वीट किया,‘‘आप लोग जिस चीज का इंतजार कर रहे थे, उसकी इस शुक्रवार से बेहतर शुरुआत और क्या हो सकती है। हमारी शक्तिशाली टीम निदेशक होमी अदजानिया, अनिल मेहता, दीपक डोबरियाल और इरफान खान के साथ सीधे उदयपुर के अंग्रेजी मीडियम के सेट पर पहुंची।’’
दिनेश ने इस घोषणा के साथ ही कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं। एक तस्वीर में इरफान अपनी टीम के साथ खड़े हैं। इसमें निर्माता दिनेश विजन, निदेशक होमी अदजानिया, और सिनेमटेटोग्राफर अनिल मेहता भी दिखाई दे रहे हैं। ‘अंग्रेजी मीडियम’ हिट फिल्म ‘हिन्दी मीडियम’ की सीक्वल है लेकिन इसमें नयी कहानी है। इस फिल्म को उदयपुर और लंदन में शूट किया जायेगा।
फिल्म में कई अन्य चीजें भी शामिल की जा रही हैं जिनमें इरफान की पुत्री को उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका भेजा जाना भी दिखाया जायेगा। इरफान न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर से पीडि़त थे और करीब एक वर्ष से उपचार के सिलसिले में विदेश गये हुए थे। इस फिल्म में करीना कपूर खान इरफान खान की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं जबकि राधिक मदान उनकी पुत्री का रोल करेंगी।