मुंबई। बॉलीवुड के माचो हीरो रणवीर सिंह और नवोदित अभिनेत्री सारा अली खान की जोड़ी वाली फिल्म सिंबा ने 200 करोड़ की कमाई कर ली है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म सिंबा 28 दिसंबर को प्रदर्शित हुई है।
फिल्म में रणवीर सिंह और सारा अली खान ने मुख्य भूमिकाएं निभायी है। सिंबा ने अपने प्रदर्शन के पहले सप्ताह में 150.81 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। 12 दिनों में यह फिल्म अब तक 202.83 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर चुकी है।
सिंबा में पुलिस ऑफिसर बने रणवीर का अंदाज दर्शकों को खूब भा रहा है, तो वहीं सारा के अभिनय की तारीफ हो रही है। भारत के अलावा सिंबा विदेश में भी जबरदस्त कमाई कर रही है। सिंबा इस वर्ष की पहली फिल्म है जिसने 200 करोड़ की कमाई की है।