28 Mar 2024, 15:53:16 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Madhya Pradesh

भोपाल रोड शो के दौरान राहुल ने पी चाय खाया समोसा- की भगवान विश्वकर्मा की पूजा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 17 2018 5:54PM | Updated Date: Sep 17 2018 5:56PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रोड शो के दौरान जनता से 'कनेक्ट' होने के प्रयास किए। रोड शो में 'सॉफ्ट हिंदुत्‍व' की छाया भी दिखाई दी। राहुल गांधी दोपहर लगभग एक बजे लालघाटी से एक विशेष बस में लगभग 13 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए निकले। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारियों का शंखनाद कर दिया।
रोड शो के दौरान उनका काफिला जब इमामी गेट के पास पहुंचा, तो वहां बस रुकी। यहां विश्वकर्मा मंदिर के पास एक मंच लगा हुआ था, जिसमें भगवान विश्वकर्मा का बड़ा पोस्टर लगा था। राहुल गांधी ने यहां उतर कर भगवान विश्वकर्मा को पुष्प अर्पित किए।
 
राहुल गांधी रास्ते में पास ही स्थित एक चाय की दुकान पर भी बस से उतरे। वहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ चाय पी और समोसे भी खाए। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की और जमकर सेल्‍फी ली। 
 
बाणगंगा चौराहे पर भी उनका काफिला रुका, लेकिन इस दौरान वे बस से कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे। वहां से आगे रोशनपुरा चौराहे स्थित प्रदेश कांग्रेस के पुराने कार्यालय पर श्री गांधी की बस रुकी और वे उससे उतर कर मंच तक पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
 
न्यू मार्केट, नानके पेट्रोल पंप से होते हुए रोड शो शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय पहुंचा। यहां बहुत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे और जमकर नारे लगा रहे थे। गांधी ने यहां उतर कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। रोड शो के बाद वे भेल के दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इससे पहले यहां विमानतल पहुंचने पर कमलनाथ सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गांधी का स्वागत किया। इसके बाद वे लालघाटी पहुंचे।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »