भोपाल। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन से हरियाणा के हिसार से आये विज्डम ऑफ माइंड संस्था के जितेन्द्र कुमार ने आज यहां राजभवन में भेंट की। कुमार की बेटी रिया ने राज्यपाल के सामने आंख पर पट्टी बांधकर पढ़ने और चलने-फिरने की विधा का प्रदर्शन किया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार टंडन ने रिया के प्रदर्शन और संस्था की प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने अन्धत्व निवारण के क्षेत्र में विज्डम ऑफ माइन्ड विधा के उपयोग की सम्भावनाओं पर चर्चा भी की। इस मौके पर जितेन्द्र कुमार ने बताया कि ध्यान और योग विधा के सम्मिलित अभ्यास से मस्तिष्क को सक्षम बनाया जा सकता है। मानसिक इंद्रियों को जागृत कर बंद आंखों से भी देखा जा सकता है। कुमार ने बताया कि इस विधा के अभ्यास से 500 से अधिक नेत्रहीनता से पीड़ित व्यक्ति बेहतर जीवन जीने में सक्षम हुए हैं। संस्था द्वारा इस विधा का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।