भोपाल। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने अब वंदे मातरम् गायन के लिए नई व्यवस्था शुरू करते हुए कहा है कि भोपाल में अब पुलिस बैंड और आम लोगों की सहभागिता के साथ वंदे मातरम्’ गायन होगा। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक राजधानी भोपाल में अब आकर्षक स्वरूप में पुलिस बैंड और आम लोगों की सहभागिता के साथ वंदे मातरम्’ गायन होगा। हर महीने के पहले कार्य दिवस पर सुबह पौने 11 बजे पुलिस बैंड राष्ट्र भावना जागृत करने वाली धुन बजाते हुए स्थानीय शौर्य स्मारक से मांलय तक मार्च करेंगे।
इसके साथ ही पुलिस बैंड के मंत्रालय परिसर में पहुंचने पर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाया जायेगा। इस कार्यक्रम को आकर्षक बनाकर आम लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। प्रदेश में 13 साल से हर महीने की पहली तारीख को स्थानीय मंत्रालय परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में वंदेमातरम गायन होता था। इस महीने की पहली तारीख को मंत्रालय परिसर में ये गायन नहीं होने के बाद एक नया राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था।