16 Apr 2024, 16:00:21 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

कॉमनवेल्थ गेम्‍स : पदक का रंग बदलने उतरेंगी सिंधू

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 11 2018 10:42AM | Updated Date: Apr 11 2018 10:42AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

गोल्ड कोस्ट। रियो ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में इस बार पदक का रंग बदलने के इरादे से उतरेंगी। सिंधू पिछले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 18 साल की थीं और तब उन्होंने कांस्य पदक जीता था। विश्व चैंपियनशिप में 2013 और 2014 में कांस्य पदक जीत चुकी सिंधू की असली पहचान रियो ओलंपिक में सामने आयी जब उन्होंने फाइनल में पहुंचने का इतिहास रचा और देश को बैडंिमटन में पहला ओलंपिक रजत दिलाया। 
 
 22 साल की सिंधू ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में फाइनल तक का सफर तय किया लेकिन यहां भी उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सिंधू पिछले मार्च में आॅल इंग्लैंड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल तक पहुंची जहां उन्हें जापान की अकाने यामागुची से हार का सामना करना पड़ा। 
 
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में सिंधू ने भारतीय ध्वजवाहक की भूमिका निभाई थी। हालांकि वह मिश्रित टीम स्पर्धा में नहीं खेलीं ताकि वह अपनी चोट से उबर सकें जो उन्हें इन खेलों से शुरू होने से पहले हैदराबाद में ट्रेनिंग के दौरान लगी थी। भारत ने पिछले दो बार के चैंपियन मलेशिया को फाइनल में हराकर पहली बार मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। 
 
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत मुकाबले मंगलवार से शुरू हो गये हैं और सिंधू इन खेलों में अपने अभियान की शुरूआत फिजी की आंद्रा वाइटसाइड के खिलाफ राउंड 32 के मुकाबले से करेंगी। भारतीय टीम के कोच पुलेला गोपीचंद ने भी सिंधू को एकल स्पर्धा के लिये फिट बताया है। गोपीचंद ने कहा, सिंधू अब ठीक है और एकल में खेलेंगी। 
 
उनके टखने में चोट थी लेकिन वह बहुत गंभीर नहीं थी। इसलिए हमने टीम स्पर्धा में सायना को उतारा जिन्होंने हमें इच्छा के अनुसार परिणाम दिलाया। सिंधू अब 11 अप्रैल के मैच में उतरेंगी। पुरुष एकल में विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और भारत को टीम स्वर्ण दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सायना नेहवाल भारतीय चुनौती को एकल में परवान चढ़ाने उतरेंगे। श्रीकांत का सामना मॉरीशस के  आतिश लुबाह से होगा। भारत को पिछले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में परूपल्ली कश्यप ने पुरुष एकल का स्वर्ण दिलाया था और अब श्रीकांत पर जिम्मेदारी रहेगी कि वह कश्यप की सफलता को दोहराएं।
 
दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में एकल का स्वर्ण जीतने वाली सायना का पहला मैच दक्षिण अफ्रीका की एलसी डीविलियर्स से होगा। मिश्रित युगल में अश्विनी पोनप्पा और सात्विकसेराज रैंकीरेड्डी ,अन्य पुरूष एकल में एच एस प्रणय महिला एकल में रूत्विका गाडे की चुनौती होगी।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »