29 Mar 2024, 03:06:25 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सिंधु डेनमार्क ओपन के सेमीफाइनल में

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Oct 17 2015 1:15PM | Updated Date: Oct 17 2015 1:15PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

ओडेन्से। विश्व चैंपियनशिप में दो बार की कांस्य पदक विजेता पी वी सिंधु ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए विश्व की पूर्व नंबर एक चीनी खिलाड़ी वांग यिहान को सीधे गेमों में हराकर 650,000 डॉलर इनामी डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

विश्व में 13वें नंबर की सिंधु ने महिला एकल में 45 मिनट तक चले मैच में 2011 की विश्व चैंपियन और 2012 लंदन ओलंपिक की रजत पदक विजेता छठी वरीयता प्राप्त यिहान को 21-18, 21-19 से हराया।

इस 20 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला वर्तमान विश्व और आल इंग्लैंड चैंपियन कारोलिना मारिन से होगा जो पिछले तीन मुकाबलों में सिंधु को हरा चुकी हैं। सिंधु केवल एक अवसर पर 2011 में मालदीव अंतरराष्ट्रीय चैलेंज में विश्व की नंबर दो स्पेनिश खिलाड़ी को हरा पाई है।

सिंधु का प्रदर्शन इस सत्र में उतार चढ़ाव वाला रहा है। उन्होंने यिहान के खिलाफ 1-4 के रिकार्ड के साथ क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया था। इससे पहले वह इस चीनी खिलाड़ी को केवल एक बार 2013 में विश्व चैंपियनशिप में हरा पाई थी लेकिन यहां भारतीय खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया जिसका यिहान के पास कोई जवाब नहीं था।

सिंधु ने शुरू में 3-0 की बढ़त हासिल की और पहले गेम में किसी भी समय यिहान को अपने करीब नहीं फटकने दिया। दूसरे गेम में भी कहानी में कोई बदलाव नहीं हुआ और सिंधु ने 7-1 की बढ़त लेने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा।
 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »