29 Mar 2024, 12:27:18 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

-कैलाश विजयवर्गीय
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव


भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकवादियों को मार गिराने पर सवाल उठाने वालों पर जाने-माने फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा है असली हीरो तो जवान होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान को करारा जवाब देने के साथ ही दुनियाभर में अलग-थलग कर देने की रणनीति को लेकर राजनीतिक दलों के कुछ नेता अपने नफा-नुकसान को भांपते हुए सेना पर सवाल उठा रहे हैं। राजनीतिक दलों के ऐसे नेताओं को तो जनता ने चारों तरफ से घेर लिया है। राजनीतिक दलों के नेताओं की कुंठा तो समझ में आती है पर कला की आड़ में भारतीय सेना की आलोचना समझ से परे हैं। ऐसा ही एक वाकया हाल ही में इंदौर में हुआ।

वामपंथियों के लिए चुनावी मजमा लगाने का काम करती रही नाट्य संस्था इप्टा के समारोह में भी सेना के सर्जिकल स्ट्राइक की आलोचना करने पर जनता ने हंगामा कर दिया। इप्टा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एमएस सथ्यू ने अपने भाषण में सर्जिकल स्ट्राइक को शर्मनाक करार दिया। लगता है वामपंथी सोच के कारण सथ्यू का कलाकार भी अंदर से मर गया है और अब केवल मरती विचाराधारा की डुगडुगी बजाने के चक्कर में सेना पर शर्मनाक बयान दे दिया। सथ्यूजी ऐसा करके आपने देश का अपमान तो किया है साथ ही कलाकार बिरादरी का अपमान भी किया है। आपको शर्म आनी चाहिए।

इसमें कोई शक नहीं है कि वामपंथ की इस पुरातन नाट्य संस्था ने अनेक अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार देश को दिए हैं। कैफी आजमी से लेकर बलराज साहनी तक,  एके हंगल से लेकर शबाना आजमी तक,  हबीब तनवीर से लेकर अंजन श्रीवास्तव तक ऐसे अनेक महान कलाकारों ने वाम विचारधारा के बावजूद लोगों के दिल में अपनी खास जगह बनाई है। वैचारिक रूप से वामपंथ का घोर विरोधी होने के बावजूद बतौर कलाकार मैं भी इनका अनन्य प्रशंसक रहा हूं। दुर्भाग्यजनक बात तो यह है कि इंदौर में हुए इप्टा के राष्ट्रीय सम्मेलन में कला, कलाकार और कलाधर्मिता पर कोई खास रचनात्मक, सृजनात्मक और परिणामात्मक चर्चा नहीं हुई। पूरा सम्मेलन राजनीतिक विचारधारा को समर्पित रहा। सम्मेलन में दिए गए समस्त भाषण एक विचारधारा को पोषित, पल्लवित और पुष्पित  करने के लिए ही दिए गए। चलिए, आपका मंच है, अपनी जय-जय करिए, इस सब पर किसी को ऐतराज भी नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में किसी भी संगठन को चाहे वह सांस्कृतिक संगठन ही क्यों न हो, अपनी विचारधारा को बढ़ावा देने का अधिकार है। समारोह में किसने क्या गाया और क्या बजाया, इस पर भी किसी को आपत्ति नहीं है। आपत्ति है तो सथ्यू के भाषण के इस कथन पर कि सर्जिकल स्ट्राइक शर्मनाक है। देश जानता है कि वामदलों की विचाराधारा में अपने ही देश को कोसा जाता रहा है। जिस महान देश की लोकतांत्रिक परंपरा के कारण नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का पूर्ण अधिकार मिला है, उसी का फायदा उठाते हुए राष्ट्र को कोसा जाता है। राजनीतिक कारणों से वामपंथी भाजपा की आलोचना करते हैं, तो करते रहिए पर सेना को निशाना बनाना कहां तक सही है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या सथ्यू जैसे लोगों को देश का नागरिक रहने का अधिकार है। जो अपने देश की सेना द्वारा राष्ट्र की संप्रभुता और सीमाओं की रक्षा के लिए शत्रु देश के विरुद्ध की गई कार्रवाई को शर्मनाक बताता हो? क्या ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए, जो कि अपने देश की सेना के मनोबल को तोड़ने वाला वक्तव्य देता हो?

सथ्यू के भाषण से लोगों को गहन वेदना और पीड़ा पहुंची है। सथ्यू जिस राजनीतिक विचारधारा का प्रतिनिधित्व करते हैं, उसके डीएनए में ही राष्ट्रद्रोह है। याद कीजिए भारत पर चीन के आक्रमण को। जब चीन ने पंचशील के सिद्धांत को अंगूठा दिखाकर भारत के खिलाफ विश्वासघात करते हुए आक्रमण किया, तो सथ्यू की कम्युनिस्ट पार्टी ने चीन के हमले को सही बताते हुए समर्थन किया। यह दुनिया में पहला मौका था, जब किसी देश का एक राजनीतिक दल अपने देश पर हो रहे हमले का न केवल समर्थन करे, बल्कि हमलावर शत्रु देश का सहयोग भी करे। 1962 में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जिस देशद्रोह की परंपरा के बीज बोए थे, उसी विषैली फसल को सथ्यू जैसे कुछ बचे-खुचे लोग आज भी सींचने की कोशिश कर रहे हैं। कहने को तो यह लतीफा है कि जब रूस में बर्फ गिरती है तो भारत में वामपंथी गर्मी में भी कोट पहन लेते हैं। सथ्यू जैसे लोग इस लतीफे को सही साबित करने में जुटे हुए हैं। पता नहीं इन लोगों ने रूस का सर्जिकल आॅपरेशन को समर्थन करने का ऐलान नहीं सुना। रूस ने समर्थन देते हुए यह भी कहा कि भारत को अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार है, तब ऐसे में सथ्यूनुमा लोग सर्जिकल आॅपरेशन को शर्मनाक बताकर अब पाकिस्तान का नमक चुकाने की कोशिश कर रहे हैं। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने नशीले पदार्थों की खेप बेचकर अर्जित की गई काली कमाई से भारत में विभीषणों की एक लंबी शृंखला तैयार कर ली है। सथ्यू जैसे लोग विभीषणों के सरगना हैं। राजनीतिक मतभिन्नता और मदभेद होते हैं। इसके बाबजूद सब एक दूसरे का सम्मान करते हैं।

वायु पुराण में कहा गया है कि
मुंडे मुंडे मतिर्भिन्ना कुंडे कुंडे नवं पय: ।
जातौ जातौ नवाचारा: नवा वाणी मुखे मुखे ।।

(यानी जितने मनुष्य हैं, उतने विचार हैं, एक ही गांव के अंदर अलग-अलग कुएं के पानी का स्वाद अलग-अलग होता है, एक ही संस्कार के लिए अलग-अलग जातियों में अलग-अलग रिवाज होता है। जितने मुंह उतनी बातें) लोकतंत्र का यही आधारभूत सिद्धांत है, किंतु इसका यह अर्थ कतई नहीं है कि, आप शत्रु के डेरे में खड़े होकर उसका समर्थन करने लग जाएं। जब सथ्यू भारतीय सेना के सर्जिकल आॅपरेशन को शर्मनाक करार देते हैं तब वे निश्चित रूप से पाकिस्तान का समर्थन कर रहे होते हैं। पूरी दुनिया से वामपंथ समाप्त होता जा रहा है। भारत में तो लगभग समाप्त हो चुका है। पश्चिम बंगाल, केरल, त्रिपुरा जैसे राज्यों में भी मजबूत आधार वाले वाम दलों की जमीन खिसकती जा रही है।
कन्हैया भी वामपंथी है, जो जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारे लगा रहा था। वो भी चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि कश्मीर को आजाद कराकर रहेंगे। आतंकवादी अफजल की जयंती मना रहा था। याकूब मेमन की फांसी का विरोध कर रहा था। हैदाराबाद के रोहित वेमुला का प्रेरणास्रोत देशद्रोही गद्दार अफजल गुरु था। रोहित ने भी होस्टल में अपने कमरे को अफजल के पोस्टर से सजा रखा था। कन्हैया और रोहित जैसे अनेक वामपंथियों को यह लगता है कि अफजल गुरु, याकूब मेमन और कसाब की न्यायिक हत्या की गई है। ये सब राष्ट्रद्रोह के नासूर हैं। एमएस सथ्यू उसमें नया नाम जुड़ गया है। वामपंथ की खाल पहने ऐसे लोग पाकिस्तानी कसाब से कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। चाणक्य ने कहा था कि सीमा पार के दुश्मनों से कहीं ज्यादा खतरनाक होते हैं घर के दुश्मन। जो सेना की राष्ट्रवादी गतिविधियों को शर्मनाक बताए उसे देश का दुश्मन नहीं तो क्या मानें? मैं विनम्रतापूर्वक कहना चाहता हूं कि अगर वामपंथी अपनी राष्ट्रवाद की अवधारणा में परिवर्तन नहीं लाए तो वे भविष्य में यह कहने के लिए भी नहीं बचेंगे कि कामरेड मिस्टेक हो गया।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »