26 Apr 2024, 02:23:05 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Gagar Men Sagar

रहस्यमयी नायिकाओं का युग नहीं रहा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 7 2016 11:55AM | Updated Date: Aug 7 2016 11:55AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

-वीना नागपाल

आज का समय हर क्षेत्र में खुलेपन का है, जिसे हम अंग्रेजी भाषा में ओपननेस कहते हैं। कृपया इसका अर्थ संकीर्णता से न लिया जाए। ओपननेस या खुलेपन का अर्थ केवल वस्त्रों व वेशभूषा को लेकर न समझा जाए। आज के समय में हर बात को लेकर विचारों का, क्रियाओं का तथा व्यवहार का एक ऐसा खुलापन है जिसे आप पसंद करें या नापंसद, पर वह मौजूद है और उसके साथ सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश कभी तो नाकाम होती है और कहीं सफल भी हो जाती है।

इसी तरह का खुलापन फिल्मी जगत में भी आया है। कुछ समय पहले तक अभिनेत्रियां तथा प्रिय नायिकाएं बहुत रहस्यमयी होती थीं। उनका जीवन तथा उससे जुड़ी गतिविधियों के बारे में आम जनता बहुत कुछ जानना चाहती थी, पर मजाल है कि उनकी कोई खबर जनता तक पहुंच भी जाए। एक या दो नामी फिल्मी पत्रिकाएं होती थीं जो कहीं से भी ढूंढ़कर इन अभिनेत्रियों के बारे में एक-दो खबरें प्रकाशित कर देती थीं और जिन्हें इन अभिनेत्रियां के चाहने वाले बड़े शौक से पढ़ते थे। इनके चित्र पाने के लिए अथवा उनका प्रकाशन देखना भी बड़ा कठिन कार्य होता था। सुनते थे कि बड़ी मिन्नतों और गुजारिशों के बाद यह अभिनय की सम्राज्ञियां अपने फोटो खिंचवाने को राजी होती थीं। इसलिए ही एक-दो फिल्मी पत्रिकाएं इतनी लोकप्रिय व प्रचार संख्या में बड़ी होती थीं कि उनके फोटोग्राफर्स की इन तक पहुंच होती थी और वह ही उनके फोटो खींच सकते थे। साधारण या सामान्य फोटोग्राफर्स इनके पास तक नहीं जा सकते थे। इन रहस्यमयी नायिकाओं की सूची भी बहुत आकर्षक है- नरगिस, मधुबाला, मीना कुमारी, माला सिन्हा आदि ने जितना अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया उतनी ही यह रहस्यमयी भी बनी रहीं। आज की अभिनेत्रियां ऐसी रहस्यमयी नहीं रहीं। वह तो बिंदास हैं और अपने खुले व्यवहार से सीधे-सीधे अपने चाहने वाले दर्शकों के निकट हो जाती हैं। वह अभिनेत्रियां अपनी फिल्म का प्रमोशन स्वयं करती हैं और इसके लिए दर्शकों के बीच स्वयं पहुंच जाती हैं। यह किसी मॉल में लोगों की भीड़ में पहुंचकर उनके प्रत्यक्ष दिख जाती हैं। किसी सार्वजनिक स्थान तथा अन्य किसी ऐसे स्थान पर पहुंचकर स्वयं ही बताती हैं कि उनकी फिल्म को अवश्य देखा जाए। वह फिल्मी या अन्य फोटोग्राफर्स को तरह-तरह से पोज देकर अपनी फोटो खिंचवाती हैं और चाहती हैं कि यह खूब प्रसारित और अच्छी संख्या में देखी जाएं। यह टीवी के कार्यक्रमों में आकर तरह-तरह के करतब दिखाने में बहुत उत्साह से भाग लेती हैं। जब भी इनकी कोई नई फिल्म रिलीज होने वाली होती है यह अपने को स्टार के साथ टीवी के लगभग हर एक चैनल पर मौजूद होती हैं। यहां तक की एअरपोर्ट पर कहीं आते या जाते समय के दौरान भी यह पोज देना नहीं भूलतीं। दीपिका पादुकोण, करीना कपूर, प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा, आलिया भट्ट क्या रहस्यमयी नायिकाएं हैं। समय के बदलाव के साथ फिल्मी जगत में भी रहस्यमयी नायिकाओं का युग बीत गया है। अब मस्ती से भरी हुई खुलेपन की हिमायती और बिंदास नायिकाओं का समय आया है। इस परिवर्तन को जब हर क्षेत्र में देखा जा रहा है तो फिल्मों की यह नायिकाएं रहस्यमयी क्यों बनी रहें।

[email protected]

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »