20 Apr 2024, 18:51:14 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Gagar Men Sagar

दीर्घायु की शुभकामनाएं और बर्थडे पार्टी...

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 19 2016 10:56AM | Updated Date: Jul 19 2016 10:56AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

-वीना नागपाल

जन्मदिन इसी आशा व खुशी से मनाया जाता है कि जिस व्यक्ति (विशेषकर युवा) के जन्मदिन का आयोजन होता है उसे सब मिलकर ढेर सारी शुभकामनाएं देते हैं कि वह दीर्घायु हो। प्राय: आजकल बर्थ-डे मनाने का युवाओं और युवतियों का एक अलग प्रकार का खास आयोजन होने लगा है। पूरे ताम-झाम के साथ कभी किसी होटल में तो कभी किसी पिकनिक स्थल पर युवा इकट्ठा होते हंै और पूरे उत्साह व जोश के साथ बर्थ-डे मनाया जाता है। पर, बर्थ-डे मनाने की परिभाषा बहुत बदल गई है।

कुछ समय पहले तक जन्मदिन का यह आयोजन घर पर ही होता था। प्राय: मां-बहनें मिलकर तरह-तरह के व्यंजन बनाती थीं। परिचित, संबंधी व जन्मदिन मनाने वाले युवा के मित्र भी घर पर ही आते थे। सगे-संबंधियों के पैर पड़कर (धोक देकर) आशीर्वाद लिया जाता और मित्र केक काटते समय पूरे जोश और और ऊंची आवाज में एक साथ मिलकर गाते थे- हैप्पी बर्थ डे टू यू- हैप्पी बर्थ डे एंड लांग लाइफ टू यू...। अब पता नहीं शायद होटल के रेस्त्रां में या पिकनिक स्थल पर जमा युवा मित्र यही गीत गाते होंगे या नहीं? अब इस पार्टी में बड़ों को शामिल नहीं किया जाता। बस! बर्थ डे ब्वॉय और उसके युवा मित्रगण ही जमा होते हैं।

इस पार्टी का स्वरूप अब यह हो गया है कि युवा पीने-पिलाने को ही जन्मदिन के शुभ अवसर का आवश्यक अंग मानते हैं। वह जहां भी और जिस भी स्थान पर आयोजन करते हैं वहां खुलकर शराब की बोतलें खुलती हैं। इसके नशे में यह युवा धुत हो जाते हैं। जन्मदिन मनाने का ही मकसद अब यह रह गया है कि युवा जमकर शराब पीकर नशे में डूब जाएं। वह इतने मदहोश हो चुके होते हैं कि उन्हें सावधानी और असावधानी में कोई अंतर नहीं महसूस होता।

जन्मदिन की इस पार्टी का दुष्परिणाम इसके बाद अब सामने आता है। वह जब लौटते हैं तब नशे की हालात में उनका अपने वाहन पर नियंत्रण नहीं रहता। प्राय: ऐसे में दुर्घटना घटित हो जाती है या तो वह बेकाबू होकर डिवाइडर पर वाहन चढ़ा देते हैं या किसी दूसरे वाहन से उनकी भयावह टक्कर हो जाती है अथवा वह स्वयं ही किसी पेड़ से अथवा दीवार से वाहन टकरा देते हैं। उनके पास बाइक हो या कार पर वह नशे में उसे इतनी तीव्र गति से चलाते हैं कि दुर्घटना होने पर बचने की कोई संभावना नहीं होती।

कई बार वह इतनी रफ्तार से वाहन चलाते हैं कि सामने से आने वाले वाहन से बचने के लिए सड़क से नीचे तीन-चार पलटी खाकर गड्ढे में गिर जाते हैं। जब पुलिस इन दुर्घटनाओं की तफ्तीश के लिए जाती है तो उसका निष्कर्ष होता है- युवा नशे में चूर थे। उन्होंने शराब पी हुई थी और वह तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। कई बार तो चार पहिया वाहन में बोतलें मिलती हैं।

यह नहीं पता कि ऐसे दोस्त मिलकर जब अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए जुटते हैं तो जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए यह गाते हैं कि नहीं- हैप्पी बर्थ डे टू यू- लांग लाइफ टू यू। ऐसी जानलेवा दुर्घटनाओं के कारण लगता तो नहीं है कि उनकी शुभकामनाएं सच्ची और भावनाओं से भरी होती होंगी या फिर नशे के कारण इस लांग लाइफ के बारे में वह सोच ही नहीं पाते होंगे। यह आयोजन लांग लाइफ की शुभकामनाओं का सर्वथा उलट होता है। 

[email protected]

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »